दिल्ली। डिजिटल पेमेंट की दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बना चुकी फोनपे (PhonePe) अब शेयर बाजार में उतरने की तैयारी में है। कंपनी ने अपना बहुप्रतीक्षित आईपीओ लाने की योजना फिर से शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि फरवरी-मार्च में कंपनी शेयर बाजार में सूचीबद्ध हो सकती है। इस आईपीओ के जरिए फोनपे करीब 12,000 से 14,000 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी कर रही है। मर्चेट बैंकरों के मुताबिक, आईपीओ के समय कंपनी का मूल्यांकन 1,200 से 1,500 करोड़ डॉलर यानी करीब 1.2 लाख करोड़ से 1.5 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। कंपनी जल्द ही बाजार नियामक सेबी के पास संशोधित ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल कर सकती है।
पूरी तरह ऑफर फॉर सेल होगा आईपीओ
फोनपे का प्रस्तावित आईपीओ पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) के रूप में होगा। यानी इस इश्यू में कंपनी के मौजूदा शेयरधारक अपने शेयर बेचेंगे। इससे मिलने वाली रकम सीधे शेयर बेचने वाले निवेशकों को मिलेगी, कंपनी को नए शेयर जारी करके सीधे पूंजी नहीं मिलेगी। इस आईपीओ पर बाजार के निवेशकों की नजर इसलिए भी रहेगी, क्योंकि फोनपे देश के डिजिटल भुगतान क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों में शामिल है।

