दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में बेसमेंट और पांच मंजिल वाली इमारत ढह गई। हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं। घायलों में कई का इलाज अभी जारी है। यह इमारत छात्रों के लिए पीजी के तौर पर इस्तेमाल की जा रही थी।
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, इमारत गिरने के बाद जेपीएन एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में 10 मरीजों को लाया गया। इनमें चार को मृत अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया। एक गंभीर रूप से घायल मरीज ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

