नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी की ओर से भाजपा के खिलाफ जारी किये गये पोस्ट को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधा है और कहा है कि केजरीवाल सत्ता जाने के भय से मानसिक संतुलन खो चुके हैं।
सचदेवा ने शुक्रवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित किया। इस मौके पर पार्टी प्रवक्ता शुभेनदू शेखर अवस्थी और यासिर जिलानी भी उपस्थित थे। सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल को अपनी अंतर आत्मा की आवाज़ सुनाई दे रही है, जो उनसे कह रही की दिल्ली की सत्ता अब उनसे दूर हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल के कल शाम पूर्वांचल के लोगों को नकली वोटर बताया था, जिससे उनके मन का वो काला सच फिर से सामने आया, जो पहली बार 2019 में नजर आया था। उन्होंने कहा कि केजरीवाल को जेल से बेल तो मिल गई, लेकिन उसी दिन से उनकी राजनीतिक शख्सियत खत्म हो गई है।