दिग्गज इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड कार निर्माता कंपनी BYD के प्रीमियम सब-ब्रांड ‘फेंग चेंग बाओ’ (Fang Cheng Bao) ने चीन के बाजार में अपनी नई फुल-साइज प्लग-इन हाइब्रिड एसयूवी Ti9 को लॉन्च कर दिया है। यह लग्जरी एसयूवी अपने दमदार लुक के साथ-साथ एक बेहद अनोखे फीचर के कारण चर्चा में है। दरअसल, गाड़ी के रुकने या बंद होने पर इसका स्टीयरिंग व्हील अपने आप फोल्ड होकर डैशबोर्ड के अंदर चला जाता है, जिससे ड्राइवर को केबिन में अतिरिक्त जगह मिलती है।
मस्कुलर डिजाइन और 1.1 मीटर लंबी डिस्प्ले स्क्रीन
साइज की बात करें तो Fang Cheng Bao Ti9 की लंबाई 5270 एमएम, चौड़ाई 1999 एमएम और ऊंचाई 1880 एमएम है, जबकि इसका व्हीलबेस 3130 एमएम है। बॉक्सी और मस्कुलर डिजाइन वाली इस एसयूवी में स्टार-रिंग हेडलाइट्स, 22-इंच के अलॉय व्हील्स और स्प्लिट टेलगेट दिया गया है। केबिन के अंदर विंडस्क्रीन की पूरी चौड़ाई में फैली 1.1 मीटर की विशाल डिजिटल स्क्रीन मिलती है। 6-सीटर लेआउट वाली इस कार की सभी सीटों में मसाज, हीटिंग, वेंटिलेशन और पावर एडजस्टमेंट की सुविधा दी गई है।

