प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की 7.8 प्रतिशत आर्थिक विकास दर को देश के लिए खुशी और गर्व का विषय बताया है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय देशवासियों की मेहनत, सामूहिक सामर्थ्य और मजबूत संकल्प शक्ति को दिया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों के बीच भारत की यह आर्थिक प्रगति बेहद महत्वपूर्ण है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया के कई हिस्से इस समय संघर्ष और संकट से गुजर रहे हैं। अलग-अलग क्षेत्रों से युद्ध की खबरें सामने आ रही हैं और वैश्विक स्तर पर कई चुनौतियां बनी हुई हैं। इन परिस्थितियों के कारण सप्लाई चेन भी प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के बाद से वैश्विक स्तर पर स्थिरता पूरी तरह कायम नहीं हो सकी है, इसके बावजूद भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है।

