भारत के पूर्व एशियाई खेल स्वर्ण पदक विजेता डबल-ट्रैप निशानेबाज रोंजन सोढ़ी ने ओलंपिक 2036 में भारत के 30 से 40 पदक जीतने के लक्ष्य को फिलहाल काफी मुश्किल बताया है। उनका कहना है कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए जिस स्तर पर प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें तैयार करने की जरूरत है, उसमें भारत अभी पीछे चल रहा है।
भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए अपनी दावेदारी मजबूती से पेश कर रहा है। इसी संदर्भ में सोढ़ी ने देश की खेल तैयारियों और प्रतिभा खोजने की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि केवल लक्ष्य तय करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके लिए अभी से जमीनी स्तर पर काम शुरू करना होगा।

